
संवाददाता, बोधगया:- बोधगया थाना क्षेत्र के हॉरली खुर्द गांव में रविवार को एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही बोधगया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, बोधगया थाना को सूचना मिली कि हॉरली खुर्द गांव में एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बोधगया, थानाध्यक्ष बोधगया सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान घटनास्थल पर पहुंचे तथा घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
गोली लगने से घायल युवक को तत्काल बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमसीएच) भेजा गया। घायल की स्थिति के संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी गया के निर्देश पर एसडीपीओ बोधगया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। टीम में बोधगया थानाध्यक्ष के साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान तथा तकनीकी शाखा, गया के पुलिसकर्मी शामिल हैं। गठित टीम घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी एवं तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में संलिप्त लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण और सामान्य है। बोधगया थाना पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।













Leave a Reply