रघवाचक में पुलिस-पब्लिक लोक संवाद, ग्रामीणों ने खुलकर रखीं अपनी समस्याएं


फतेहपुर। थाना क्षेत्र के रघवाचक गांव में शनिवार को फतेहपुर पुलिस की ओर से पुलिस-पब्लिक लोक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का उद्देश्य पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं को जानना और उनके समाधान की दिशा में पहल करना था।

गोष्ठी के दौरान फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने ग्रामीणों से क्षेत्र की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर संवाद से कई समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सकता है। ग्रामीणों से अपील की गई कि किसी भी तरह की समस्या या घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

इस दौरान ग्रामीणों ने गांव से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और अपनी शिकायतों को पुलिस पदाधिकारियों के समक्ष रखा। पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि संवाद के दौरान ग्रामीणों से हर मुद्दे पर बातचीत की गई और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर संबंध कायम करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मौके पर एसआई सोनू कुमार,एएसआई मनोज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। गोष्ठी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और पुलिस के साथ अपनी समस्याएं साझा कीं।