मारपीट में घायल लुटन मांझी की इलाज के दौरान मौत, एक नामजद आरोपित गिरफ्तार

केंदुआ में श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान विवाद के बाद हुई थी मारपीट, न्याय की मांग को लेकर स्वजनों ने तीन घंटे तक सड़क जाम रखा

संवाददाता, फतेहपुर। केंदुआ गांव में मारपीट में गंभीर रूप से घायल लुटन मांझी की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित संजय पासवान, निवासी निमी, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बीते 13 जुलाई को केंदुआ गांव में श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान निमी गांव के पांच लोग वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रात में मामला शांत हो गया। आरोप है कि अगले दिन निमी गांव के लोग दोबारा केंदुआ पहुंचे और लुटन मांझी सहित अन्य लोगों के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान लुटन मांझी के सिर में गंभीर चोट लग गई।

घायल लुटन मांझी का रांची में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान बीते मंगलवार को उनकी मौत हो गई। घटना को लेकर 15 जुलाई को लुटन के स्वजनों ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मौत की सूचना के बाद स्वजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव गांव पहुंचने पर आक्रोशित स्वजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर गया-रजौली स्टेट हाईवे-70 को रामपुर के पास करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलने पर फतेहपुर, गुरपा और टनकुप्पा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस एवं प्रशासन की ओर से न्याय दिलाने और आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद रात करीब सात बजे सड़क जाम समाप्त हुआ।

एक आरोपित गिरफ्तार,अन्य की तलाश जारी
फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मारपीट मामले में नामजद आरोपित संजय पासवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई एसआई अंबुज कुमार, एसआई संदीप कुमार, एसआई अमरेंद्र कुमार और एसआई सोनू कुमार के नेतृत्व में की गई। घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।