
गया। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित कर जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 50 से अधिक आमजनों की समस्याएं सुनीं। फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जनता दरबार में भूमि विवाद, आवास योजना, स्वास्थ्य सेवाएं, पेंशन, मुआवजा, आरटीपीएस, शिक्षा विभाग समेत विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। कई मामलों का मौके पर ही संबंधित पदाधिकारियों के माध्यम से समाधान कराया गया।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभागीय पदाधिकारी जन शिकायतों के प्रति गंभीरता बरतें और निर्धारित समय सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें।













Leave a Reply