Breaking news:- खेत पटवन के लिए मोटर चालू करने गए मां-बेटे की करंट लगने से मौत, गांव में पसरा मातम

फतेहपुर। फतेहपुर प्रखंड के चरोखरी पंचायत अंतर्गत रघुनाथपुर गांव में गुरुवार को बिजली करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव निवासी सुंदरी देवी (पति जगदीश यादव) और उनके पुत्र लाला यादव के रूप में हुई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सुंदरी देवी और उनके पुत्र लाला यादव खेत में पटवन करने के लिए मोटर चालू करने गए थे। इसी दौरान मोटर या बिजली के संपर्क में आने से दोनों करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां और बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद रघुनाथपुर गांव सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीण इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। वहीं, स्थानीय प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।