फतेहपुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय काॅटी में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित, छात्राओं की समस्याओं के समाधान पर दिया गया जोर

फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय काॅटी में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग के निर्देश के आलोक में आयोजित शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं की शैक्षणिक समस्याओं को सुनना, उनका निर्धारित अवधि में समाधान करना तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए विद्यार्थियों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त करना था।

शिविर में छात्राओं को अपनी शैक्षणिक समस्याओं, पढ़ाई से संबंधित परेशानियों एवं अन्य आवश्यक सुझावों को रखने का अवसर दिया गया। विद्यालय स्तर पर छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की गई। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर फतेहपुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दिनेश राय, लेखपाल पीयूष तिवारी, एसआई हसन इमाम, विद्यालय की वार्डन पिंकी कुमारी, क्लर्क पिंकी कुमारी, मुखिया अभय कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका, कर्मी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

बताया गया कि सरकार के सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य के विद्यालयों में प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाना है। इसी क्रम में 25 अगस्त 2026 से गया जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में इस अभियान की शुरुआत की गई है।

शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश के अनुसार विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं का समाधान विभिन्न माध्यमों से लगातार किया जाता रहा है। अब विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं के निदान को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर विकास और सुधार के लिए विद्यार्थियों से सुझाव भी प्राप्त किए जाएंगे।

शिविर के सफल संचालन के लिए विद्यालय की वार्डन/प्रभारी वार्डन को नोडल की जिम्मेदारी दी गई है। विद्यालय में कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ बैनर-पोस्टर के माध्यम से शिविर की जानकारी देने की व्यवस्था की गई है। कियोस्क के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों को दर्ज करने की प्रक्रिया को भी सुगम बनाया गया है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार विद्यार्थी शिक्षा व्यवस्था के सबसे महत्वपूर्ण लाभार्थी हैं। ऐसे में शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए उनकी समस्याओं और सुझावों को जानना आवश्यक है। विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से छात्राओं को सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है। इससे विद्यालय स्तर पर समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की प्रक्रिया को गति मिलेगी।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय काॅटी में आयोजित शिविर को लेकर छात्राओं में भी उत्साह देखा गया। छात्राओं ने पढ़ाई से संबंधित विषयों और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर अपनी बातें रखीं। विद्यालय प्रबंधन की ओर से छात्राओं को भरोसा दिलाया गया कि उनकी समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समाधान का प्रयास किया जाएगा। मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थी सहयोग शिविर की पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान होने से शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों के सुझावों को शामिल करने से विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को और मजबूत किया जा सकेगा।