नहर में डूबने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह । महकार थाना क्षेत्र के नई बाजार के समीप शुक्रवार को नहर में डूबने से करीब 45 वर्षीय दशरथ चौहान की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को गया-पटना मुख्य सड़क पर नई बाजार के समीप रखकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दशरथ चौहान नहर में मछली पकड़ने के लिए डाले गए जाल को निकालने गए थे। इसी दौरान वह नहर के गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव को सड़क पर रखकर परिजनों ने मुआवजे की मांग शुरू कर दी। देखते ही देखते सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सूचना मिलने पर खिजरसराय के अंचलाधिकारी केशव किशोर और महकार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया। प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई और नियमानुसार सहायता का भरोसा दिए जाने के बाद करीब एक घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।

जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।