फतेहपुर में निकली हर घर तिरंगा यात्रा, बीडीओ बोले- हर घर में लहराए तिरंगा

फतेहपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को फतेहपुर प्रखंड मुख्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू के नेतृत्व में निकली यह यात्रा प्रखंड मुख्यालय से शुरू होकर फतेहपुर झंडा चौक तक गई। यात्रा में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा में अधिकारी एवं कर्मी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। इस दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा। लोगों ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

बीडीओ शशि भूषण साहू ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान को सफल बनाने की अपील की।