बोनट में छिपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

संवाददाता दीपक सिंह:- फतेहपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चारपहिया वाहन के बोनट में छिपाकर झारखंड से लाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से अंग्रेजी शराब की खेप फतेहपुर के रास्ते बिहार लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसआई अमरेंद्र कुमार, एएसआई मनोज कुमार, एसआई संदीप कुमार एवं एसआई सतीन प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के जम्हेता मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के बोनट में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से वाहन चालक सह शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन को भी जब्त कर लिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किसके लिए लाई जा रही थी और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।