झारखंड से लाई जा रही 1600 लीटर देसी शराब जब्त, 8 बाइक बरामद; एक तस्कर गिरफ्तार।

फतेहपुर, संवाददाता।फतेहपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से तस्करी कर लाई जा रही 1600 लीटर देसी शराब जब्त की है। इस दौरान पुलिस ने शराब ढोने में प्रयुक्त आठ बाइक बरामद कीं तथा मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि एसआई सतीन प्रसाद, एएसआई मनोज कुमार एवं एलटीएफ (LTF) टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर फतेहपुर थाना क्षेत्र के फुलगज जंगल के समीप छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 1600 लीटर देसी शराब एवं आठ बाइक बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की पहचान धनछू गांव निवासी रंजन कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद उसके विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।