नगवां में पंचायत सरकार भवन विवाद की जांच करने पहुंचे अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य।

फतेहपुर प्रखंड के नगवां गांव में पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर लंबे समय से जारी विवाद अब राज्य स्तर तक पहुंच गया है। शनिवार को बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य डॉ. संजय कुमार दास स्वयं गांव पहुंचे और डॉ. भीमराव आंबेडकर खेल मैदान के समीप प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर पूरे मामले की विस्तार से जानकारी ली।

बैठक में ग्रामीणों ने निर्माण स्थल को लेकर अपनी आपत्तियां और मांगें आयोग के समक्ष रखीं। दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद डॉ. दास ने कहा कि विवाद का समाधान तथ्यों और नियमानुसार किया जाएगा। उन्होंने नगवां गांव की 10 सदस्यीय समिति को आयोग कार्यालय, पटना में उपस्थित होने का निर्देश दिया, जहां सभी संबंधित पक्षों की सुनवाई कर अंतिम निर्णय की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, डॉ. भीमराव आंबेडकर खेल मैदान के समीप पंचायत सरकार भवन के निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद बना हुआ है। इस मुद्दे पर स्थानीय प्रशासन की ओर से कई बार बैठकें आयोजित की गईं, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने राज्य अनुसूचित जाति आयोग से हस्तक्षेप की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।

निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी अमिता सिन्हा, बीपीआरओ प्रमोद कुमार साव, पंचायत के मुखिया, सरपंच, सरकारी अमीन, प्रदेश संगठन सचिव वेद प्रकाश, जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोग सदस्य ने प्रशासन को निर्देश दिया कि विवाद से जुड़े सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन आयोग को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होगा और सभी तथ्यों की समीक्षा के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने भी पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग दोहराई।