
खिजरसराय प्रखंड के चिरैली पंचायत स्थित बाना गांव में बुधवार को कृषि विभाग की पहल पर श्री विधि (एसआरआई मेथड) से धान की रोपाई का प्रदर्शन किया गया। किसान रामजनम शर्मा के खेत में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्वयं मौजूद रहकर किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी संजीब कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (नीमचक बथानी) केशव आनंद, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विपिन गुप्ता तथा किसान सलाहकार सूर्यदेव नारायण प्रकाश की देखरेख में लगभग दो एकड़ भूमि में श्री विधि से धान की रोपाई कराई गई।
इस अवसर पर अधिकारियों ने किसानों को बताया कि श्री विधि से धान की खेती करने पर कम बीज, कम पानी और कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं तथा खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं।
रोपाई के लिए अंकुर, सोनम और पदमा धान की उन्नत किस्मों का उपयोग किया गया। कृषि विभाग के अनुसार ये प्रभेद 135 से 140 दिनों में तैयार हो जाते हैं तथा इनसे औसतन 55 से 60 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
कृषि मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों ने किसानों से सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने भी श्री विधि से धान की खेती को लाभदायक बताते हुए इसे व्यापक स्तर पर अपनाने की इच्छा जताई।












Leave a Reply