नदी में संदिग्ध अवस्था में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका।

बगोदर गांव के समीप संदिग्ध अवस्था में मिला शव, पहचान नहीं होने से पुलिस की बढ़ी चुनौती

फतेहपुर (गया)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के बगोदर गांव के समीप नदी में बुधवार की शाम को एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, एएसआई मनोज कुमार एवं एसआई अंबुज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शव से काफी दुर्गंध आ रही थी। ग्रामीणों का अनुमान है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंक दिया गया होगा। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।