अनियंत्रित वाहन ने टेंपो में मारी टक्कर, पिता-पुत्र समेत तीन गंभीर घायल

खिजरसराय थाना क्षेत्र के मनसविगहा गांव के समीप सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना एक अनियंत्रित वाहन और टेंपो के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में टेंपो पर सवार यात्री और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर खिजरसराय थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची तथा ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खिजरसराय भेजा।घायलों की पहचान मानपुर निवासी मोहम्मद शाहबाज, उनके पुत्र मोहम्मद अयान तथा अतरी थाना क्षेत्र के भैया बीघा निवासी टेंपो चालक आनंद कुमार के रूप में हुई है।सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मोहम्मद शाहबाज और उनके पुत्र मोहम्मद अयान की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमएमसीएच), गया रेफर कर दिया। वहीं टेंपो चालक आनंद कुमार का भी इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।

खिजरसराय थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।