
संवाददाता, खिजरसराय:- खिजरसराय प्रखंड की अइमा पंचायत स्थित जयराम बीघा खेल मैदान में आयोजित टी-10 “वर्ल्ड टूर्नामेंट जयराम बीघा” का फाइनल मुकाबला रविवार को रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में मेजबान जयराम बीघा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मकसूदपुर को 42 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबला देखने के लिए आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पहुंचे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अतरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रंजीत यादव रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए उपविजेता टीम के प्रदर्शन की भी सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रंजीत यादव ने राज्य सरकार पर रोजगार और कानून-व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में सरकार अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी है। साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त करते हुए इसे सुधारने की आवश्यकता बताई।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर स्थानीय ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने आयोजन समिति की सराहना की। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी तरह के खेल आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने की बात कही।













Leave a Reply