
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराने को लेकर नीमचक बथानी अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) केशव आनंद तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुरेन्द्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था, जुलूसों के संचालन, ताजिया एवं सपर निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया कि मुहर्रम के अवसर पर डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा ताजिया या सपर निकालने वाली सभी समितियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
बैठक के दौरान जुलूसों के रूट चार्ट की समीक्षा की गई तथा सभी अखाड़ा एवं ताजिया समितियों को निर्धारित मार्ग और समय-सारिणी का पालन करने का निर्देश दिया गया। अध्यक्षीय संबोधन में एसडीओ केशव आनंद ने कहा कि मुहर्रम आस्था, त्याग और बलिदान का प्रतीक पर्व है। ऐसे अवसरों पर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे या अवांछनीय गतिविधियों को प्रशासन गंभीरता से लेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों से सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने युवाओं से अनुशासन एवं मर्यादा के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया।
प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया कि मुहर्रम के सभी कार्यक्रमों की निगरानी की जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न गांवों के गणमान्य नागरिक, अखाड़ा समितियों तथा ताजिया-सपर समितियों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी से आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की।













Leave a Reply