
फतेहपुर (गया)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के बुटुबिग्हा गांव निवासी लालमणि देवी ने फतेहपुर थाना में लिखित आवेदन देकर अपने नाबालिग पुत्र के साथ मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, 20 जून 2026 को करीब 12 बजे दिन में उनका 16 वर्षीय पुत्र विकास कुमार करियादपुर से पढ़ाई कर घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में जगरनाथपुर स्थित पीपल के पेड़ के समीप बुटुबिग्हा गांव निवासी उमेश कुमार एवं श्रवण कुमार ने उसे बाइक से रोक लिया। इसके बाद दोनों ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लोहे के कड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि हमले में उनके पुत्र के सिर से काफी खून बहने लगा और वह घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों द्वारा सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को इलाज के लिए करियादपुर ले गए।
लालमणि देवी ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपितों का परिवार लंबे समय से उन्हें “डायन-भूत” कहकर प्रताड़ित करता रहा है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। साथ ही उन्होंने सुभाष यादव नामक व्यक्ति पर मोबाइल फोन के माध्यम से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सुभाष यादव कथित रूप से उनकी दो बीघा जमीन अपने नाम लिखने का दबाव बना रहा है तथा ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता है।
पीड़िता ने फतेहपुर थाना अध्यक्ष से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस द्वारा आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
(नोट: यह समाचार पीड़िता द्वारा थाना में दिए गए लिखित आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच एवं आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।)













Leave a Reply