
गया जिले के देवगांव में निर्माणाधीन MSME टेक्नोलॉजी सेंटर का मंगलवार को जिलाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने आगामी 15 जून को प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल, वीआईपी मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संभावित बारिश को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर लगभग 90 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में मैट बिछाने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने, धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर जोर दिया, जबकि वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने कहा कि भूमि पूजन कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने नीमचक बथानी अनुमंडल कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था एवं कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता प्रस्तुत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी सुमन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवगांव में निर्माणाधीन MSME टेक्नोलॉजी सेंटर को क्षेत्र के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके शुरू होने से स्थानीय युवाओं को कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।











Leave a Reply