
खिजरसराय प्रखंड के सरबहदा गांव में सोमवार को नव स्थापित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन विधायक रोमित कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इस केंद्र के शुरू होने से आसपास के हजारों लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक ने केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और सुदृढ़ीकरण सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल है। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के संचालन से ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार, जांच और परामर्श के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि केंद्र में सामान्य उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग तथा स्वास्थ्य परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीणों को समय पर उपचार मिलने में काफी सहूलियत होगी।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) निलेश कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, मुख्य चिकित्सिका सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। वहीं विधायक प्रतिनिधि दयाशंकर, मनोज कुशवाहा, श्रवण केवट, एल. किशोरी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल हुए।
उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। लोगों ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के खुलने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।













Leave a Reply