
औरंगाबाद। दाउदनगर थाना क्षेत्र में हुई चर्चित आवासीय चोरी की घटना के त्वरित उद्भेदन, चोरी गए आभूषणों की बरामदगी तथा अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर मगध पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मगध क्षेत्र विकास वैभव के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
दाउदनगर थाना कांड संख्या 307/2026, दिनांक 13 मई 2026 में दर्ज चोरी के मामले में अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर आईजी विकास वैभव ने स्वयं संज्ञान लेते हुए एसआईटी गठन का आदेश दिया। कांड की गंभीरता, चोरी गई संपत्ति के मूल्य तथा उपलब्ध साक्ष्यों के मूल्यांकन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दाउदनगर के नेतृत्व में गठित टीम को मामले के त्वरित उद्भेदन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईजी विकास वैभव ने एसआईटी को स्थानीय पुलिस, डीआईयू तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है। टीम सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का पुनः परीक्षण कर गहन विश्लेषण करेगी। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन, पूछताछ और आवश्यकतानुसार अन्य जिलों एवं राज्यों की पुलिस के सहयोग से विशेष छापेमारी अभियान भी चलाया जाएगा।
मामले की लगातार निगरानी के लिए पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद को जांच की नियमित समीक्षा करने तथा प्रत्येक 24 घंटे पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। आईजी विकास वैभव ने स्पष्ट किया है कि चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई मगध पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है तथा मामले के सफल उद्भेदन तक कार्रवाई जारी रहेगी।













Leave a Reply