मवेशी चराने गए पशुपालक पर गिरी आकाशीय बिजली, मौत।

नीमचक बथानी के अभयपुर गांव की घटना, परिवार में मचा कोहराम।

मोहड़ा प्रखंड के दरियापुर पंचायत अंतर्गत अभयपुर गांव के तह्बलबीघा टोला में शुक्रवार सुबह वज्रपात की चपेट में आने से एक पशुपालक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान राजकुमार यादव (पिता- कामेश्वर यादव) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि राजकुमार यादव रोज की तरह सुबह मवेशियों को चराने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां और एक छोटा बेटा छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

सूचना पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एएनएमएमसीएच), गया भेज दिया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद सरकार द्वारा मिलने वाली आपदा राहत मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।इधर, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा देने की मांग की है, ताकि आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को राहत मिल सके।