
मुजफ्फरपुर। हथौड़ी थाना क्षेत्र के भुताने गांव के पास एमआर से हुई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पांच हजार रुपये नगद और हाथ घड़ी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 21 मई को दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने हथियार के बल पर एमआर मदन कुमार से बैग, टैब, मोबाइल और 35 हजार रुपये लूट लिये थे। घटना के बाद पीड़ित के आवेदन पर हथौड़ी थाना में कांड संख्या 118/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए गरहां थाना क्षेत्र के आलोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक और लूटी गई राशि में से पांच हजार रुपये बरामद किए गए।
हथौड़ी थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।











Leave a Reply