
भाषण के दौरान मंच की ओर फेंका गया पत्थर, बाल-बाल बचे मांझी; दो युवक हिरासत में।
खिजरसराय :- गया जिले के खिजरसराय प्रखंड में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब केंद्रीय मंत्री Jeetan Ram Manjhi के कार्यक्रम के दौरान मंच की ओर पत्थर फेंक दिया गया। घटना उस वक्त हुई, जब मंत्री सिसवर गांव स्थित St. Thomas English School में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। पत्थर मंत्री के बेहद करीब आकर गिरा, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से केंद्रीय मंत्री बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मंत्री मंच से भाषण दे रहे थे। तभी मंच के पीछे की ओर से अचानक एक युवक ने पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे मंच के समीप आकर गिरा। घटना होते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा में तैनात जवानों और पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पत्थर फेंकने के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। दोनों युवक खिजरसराय थाना क्षेत्र के सिसवर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
खिजरसराय थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो ने बताया कि मामले में दो युवकों को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले विधायक Jyoti Manjhi पर भी हमले का मामला सामने आया था। अब केंद्रीय मंत्री Jeetan Ram Manjhi पर पत्थर फेंके जाने की घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है











Leave a Reply