50 हजार का इनामी हत्यारोपी राजू कुमार गिरफ्तार, गया पुलिस को बड़ी सफलता।


गया। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी राजू कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं बोधगया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में बोधगया थाना पुलिस के साथ तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी भी शामिल थे। पुलिस लगातार पारंपरिक और तकनीकी माध्यमों से आरोपी की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी राजू कुमार घुघड़ी टॉड बाईपास के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही विशेष टीम ने इलाके में छापेमारी शुरू की। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान राजू कुमार, पिता विनय कुमार, निवासी दोहारी टोला मुबारकचक, थाना मुफस्सिल, जिला गया के रूप में बताया।
पुलिस के अनुसार, 30 मई 2024 को बोधगया थाना क्षेत्र के बापूनगर मोड़ के समीप एक युवक की हत्या कर दी गई थी। मामले में बोधगया थाना कांड संख्या 266/24 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अनुसंधान के दौरान राजू कुमार की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद वह गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा था। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ मुफस्सिल थाना में आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।