वजीरगंज में एक व्यक्ति का शव बरामद, गोली मारकर हत्या की आशंका; इलाके में सनसनी।

वजीरगंज। गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मनैनी-गोविंदपुर सड़क पर गोविंदपुर गांव के समीप सड़क किनारे शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान सातन बिगहा निवासी महताब खान के रूप में की गई है। आशंका जताई जा रही है कि गोली मारकर उनकी हत्या की गई है।
परिजनों के अनुसार, महताब खान गुरुवार की शाम करीब छह बजे मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। उन्होंने किसी परिचित व्यक्ति से मिलने जाने की बात कही थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण सड़क से गुजर रहे थे, तभी सड़क किनारे मोटरसाइकिल के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा गया। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में खबर तेजी से फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना पर वजीरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया तथा एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गोली मारकर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक निःसंतान थे और उनकी भतीजी ही उनकी देखभाल करती थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, एक व्यक्ति का शव बरामद होने की घटना से पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।