
:-मॉडल स्कूल के फैसले से मचा हंगामा, कन्या विद्यालय में लड़कों की एंट्री पर सवाल।
गया। फतेहपुर प्रखंड स्थित +2 प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में चयनित किए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर विरोध तेज हो गया है। विद्यालय प्रशासन ने इस निर्णय पर आपत्ति जताते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखकर पुनर्विचार की मांग की है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि फतेहपुर प्रखंड में यह एकमात्र कन्या उच्च विद्यालय है, जहां दूर-दराज के पोषक क्षेत्र से छात्राएं पढ़ने आती हैं। ऐसे में इसे मॉडल स्कूल के रूप में चयनित कर सह-शिक्षा (लड़के-लड़कियों दोनों का नामांकन) लागू करना कई व्यावहारिक समस्याएं खड़ी कर सकता है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस फैसले के बाद अभिभावकों और छात्राओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। कई अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि जब विद्यालय की स्थापना ही बालिकाओं की शिक्षा को ध्यान में रखकर की गई है, तो फिर इसमें लड़कों का नामांकन कैसे किया जा सकता है। उनका कहना है कि इससे छात्राओं के शैक्षणिक माहौल और सुरक्षा की भावना प्रभावित हो सकती है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से अनुरोध किया है कि इस विद्यालय को मॉडल स्कूल की सूची से हटाया जाए और इसके स्थान पर किसी अन्य उपयुक्त विद्यालय का चयन किया जाए। साथ ही, पोषक क्षेत्र की छात्राओं के नामांकन की वर्तमान व्यवस्था को यथावत बनाए रखने की मांग भी की गई है।
इस पूरे मामले ने अब प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। स्थानीय लोगों की नजरें जिला शिक्षा विभाग के निर्णय पर टिकी हैं कि वह इस विवाद को किस तरह सुलझाता है।












Leave a Reply