
जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर खिजरसराय प्रखंड प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जनगणना कार्य को त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार से शुरू हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 394 कर्मियों को शामिल किया गया है। प्रशासन के अनुसार, प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित हो रहा है, जिसमें अलग-अलग तिथियों पर कर्मियों को बुलाया गया है। हर दिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक सत्र चल रहा है और छह मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण दे रहे हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय पर प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। अनुपस्थित रहने या लापरवाही दिखाने पर विभागीय कार्रवाई तय मानी जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में 109 राजस्व गांव, 97 बसावट गांव और 12 निर्जन गांवों में जनगणना कार्य होना है, जिसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। ऐसे में प्रशिक्षण को गंभीरता से लेना बेहद जरूरी है, ताकि आगे का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनरों की भी सक्रिय भूमिका है, जो कर्मियों को हर पहलू की जानकारी दे रहे हैं। प्रशासन का फोकस इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह सटीक और पारदर्शी बनाने पर है।












Leave a Reply