सीवान में सहायक प्रबंधक की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट में मां से माफी

सीवान के नगर थाना क्षेत्र के सिसवन ढाला लक्ष्मीपुर मोहल्ले में एक मकान से 26 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटकता मिला। मृतका की पहचान वैशाली जिले के गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी स्व. अर्जुन सिंह की पुत्री सृष्टि कुमारी के रूप में हुई। वह हसनपुरा प्रखंड में प्रखंड कृषि पदाधिकारी कार्यालय में सहायक तकनीकी प्रबंधक के पद पर कार्यरत थी।

मोहल्ले के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा धक्का देकर खोला तो सृष्टि का शव फंदे से लटकता मिला। बिस्तर पर एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने मां से माफी मांगी है। लिखावट से ऐसा नहीं लग रहा कि यह किसी पढ़े-लिखे व्यक्ति की है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह हत्या भी हो सकती है।

सृष्टि के पिता की मौत अगस्त में हुई थी। वह तीन भाई-बहनों में मंझली थी। उसके दो भाई प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं। सृष्टि शनिवार को ड्यूटी के बाद गांव गई थी और सोमवार को वापस सीवान लौटी थी।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी आदित्य प्रताप पांडेय ने बताया कि सोमवार को जब सृष्टि ऑफिस नहीं आई तो उन्होंने उसके महिला मित्र से पूछा। महिला मित्र ने सृष्टि को फोन किया, जिस पर उसने बताया कि वह ट्रेन में है और सीवान आ रही है। लेकिन मंगलवार को उसका शव मिला।

नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा अभी तक आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

सदर अस्पताल में पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सृष्टि की माँ बार-बार रोते-रोते अचेत हो जा रही थी।