
मैट्रिक परीक्षा में बिहार टॉप 10 में नौवां स्थान हासिल करने वाले छात्र सुमित कुमार को फतेहपुर स्थित आर्यभट कोचिंग सेंटर डुमरी चट्टी में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कोचिंग के अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में प्रमुख अनिता देवी, बीडीओ शशि भूषण साहू तथा पंचायत समिति सदस्य राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से छात्रों को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया। वहीं प्रमुख अनिता देवी की ओर से डायरी, पुस्तक और कलम भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
अपने संबोधन में अनिता देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
बीडीओ शशि भूषण साहू ने शिक्षा को विकास का मजबूत आधार बताते हुए छात्रों को निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पंचायत समिति सदस्य राजेश कुमार, राकेश कुमार एवं सीमा कुमारी का सराहनीय योगदान रहा। समारोह में अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों की भी मौजूदगी रही।












Leave a Reply