इंटर में 479 अंक: खिजरसराय की निशु बनी मिसाल, सांसद सुरेंद्र यादव ने घर पहुंचकर किया सम्मानित।

गया जिले के खिजरसराय प्रखंड की छात्रा निशु कुमारी ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 479 अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता पर जहानाबाद के सांसद सुरेंद्र यादव शुक्रवार को उनके घर पहुंचे और सम्मानित किया।

सांसद ने निशु को अंगवस्त्र भेंट कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्रा द्वारा इतनी बड़ी सफलता हासिल करना गर्व की बात है। निशु की मेहनत अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।

इस मौके पर सांसद ने परिवार को भरोसा दिलाया कि आगे की पढ़ाई में यदि किसी तरह की आर्थिक या अन्य परेशानी आती है, तो वे हर संभव मदद करेंगे। उन्होंने निशु को जरूरत पड़ने पर सीधे संपर्क करने को भी कहा।

निशु की सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने निशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।