गया से 70 प्रतिभागी पटना में होने वाले निर्वाचन साक्षरता सम्मेलन में होंगे शामिल

संवाददाता, गया। निर्वाचन प्रक्रिया में शिक्षा जगत की भूमिका और तकनीकी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17 अगस्त को पटना के ज्ञान भवन में राज्यस्तरीय “Regional Conference on ELC and ECINET” का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में गया जिले के सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 70 प्रतिभागी शामिल होंगे।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में शैक्षणिक संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) को पुनर्जीवित एवं सुदृढ़ करने के लिए यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। वर्तमान समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और डिजिटल कम्युनिकेशन चैनलों के बढ़ते प्रभाव तथा भ्रामक सूचनाओं से उत्पन्न चुनौतियों को देखते हुए निर्वाचन साक्षरता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

जारी आदेश के अनुसार गया जिले के गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज, बाराचट्टी, बोधगया, गया टाउन, टिकारी, बेलागंज, अतरी और वजीरगंज विधानसभा क्षेत्रों से चयनित प्रतिभागी सम्मेलन में भाग लेंगे। प्रतिभागियों को 17 अगस्त की सुबह सात बजे गया जिले से पटना के लिए रवाना किया जाएगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्हें वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाने की भी व्यवस्था की जाएगी।

14 स्कॉर्पियो से पटना जाएंगे प्रतिभागी

प्रतिभागियों के आवागमन के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को 14 स्कॉर्पियो वाहन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। वाहन संबंधित प्रखंड कार्यालयों से उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज, बोधगया, फतेहपुर, नगर, टिकारी, बेलागंज, मोहड़ा, खिजरसराय और मानपुर सहित निर्धारित प्रस्थान स्थलों से प्रतिभागियों को पटना ले जाया जाएगा।

आदेश में जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मुरारी गुप्ता को सम्मेलन के लिए नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुमित कुमार नोडल पदाधिकारी को आवश्यक सहयोग करेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा कार्यक्रम के बाद उनकी सुरक्षित वापसी की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।

सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को भी अपने-अपने पर्यवेक्षण में निर्धारित समय पर प्रतिभागियों को वाहनों में बैठाकर पटना के लिए रवाना कराने का निर्देश दिया गया है। सम्मेलन में ELC को मजबूत करने के साथ-साथ ECINET और तकनीकी माध्यमों के जरिए निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं जागरूक बनाने पर चर्चा की जाएगी।