
फतेहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 800 लीटर देसी शराब से लदी एक बोलेरो वाहन को जब्त किया है। हालांकि पुलिस को देखते ही शराब तस्कर मौके से फरार हो गया।
फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से अवैध रूप से शराब की बड़ी खेप बोलेरो वाहन के माध्यम से लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।थानाध्यक्ष के निर्देश पर एसआई अमरेंद्र कुमार एवं एएसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के कर्मा ताड़ गांव के आहर के समीप संदिग्ध बोलेरो वाहन को घेरने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस को देखते ही चालक वाहन और शराब को छोड़कर मौके से फरार हो गया। तलाशी के दौरान बोलेरो वाहन से करीब 800 लीटर देसी शराब बरामद की गई।
जब्त की गई शराब और बोलेरो वाहन को फतेहपुर थाना लाया गया है। इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और इस तरह के अवैध धंधों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।












Leave a Reply