फतेहपुर की महिला के खाते से 30 हजार रुपये की निकासी, साइबर ठगी की आशंका


फतेहपुर थाना क्षेत्र के डिहुरी गांव निवासी सत्येन्द्र यादव की पत्नी गौरी देवी के बैंक खाते से 30 हजार रुपये की अवैध निकासी का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी होने पर पीड़िता ने फतेहपुर थाना पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़िता गौरी देवी ने बताया कि उसके बैंक खाते से बिना उसकी जानकारी के 30 हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर खाते से पैसे निकलने का संदेश मिलने के बाद जब बैंक खाते की जांच की गई, तब अवैध निकासी की पुष्टि हुई। पीड़िता ने मामले में साइबर ठगी की आशंका जताई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि बैंक से संबंधित विवरण मंगाए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।