मुख्यमंत्री ने बिपार्ड, गया जी में मंथन–2025 दो दिवसीय कार्यशाला का किया भव्य उद्घाटन

सभी प्रमंडलीय आयुक्त एवं जिलाधिकारी हुए शामिल, सुशासन और विकास पर दिया गया विशेष जोर

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया जी स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) परिसर में आयोजित “मंथन–2025” दो दिवसीय कार्यशाला का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया। यह कार्यशाला राज्य में प्रशासनिक दक्षता, सुशासन तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित की गई है, जिसमें बिहार के सभी प्रमंडलीय आयुक्त एवं सभी जिलों के जिलाधिकारी शामिल हुए।

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर मुख्यमंत्री का जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुँचना चाहिए। इसके लिए प्रशासनिक पदाधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता, लगन, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाएँ प्रशासन से जुड़ी होती हैं और आप सभी उन उम्मीदों को पूरा करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को देश के पाँच सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए सरकार द्वारा कई महत्त्वाकांक्षी योजनाएँ बनाई गई हैं। इन योजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी ढंग से लागू करना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पदाधिकारियों को नवाचार, समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया तथा सभी को शुभकामनाएँ दीं।

अधिकारियों के साथ संवाद और सम्मान

इस अवसर पर मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने मंथन–2025 कार्यशाला में शामिल सभी प्रमंडलीय आयुक्तों एवं जिला पदाधिकारियों के साथ सामूहिक फोटो खिंचवाकर कार्यक्रम को स्मरणीय बनाया।

बिपार्ड परिसर में कई नई एवं उन्नत सुविधाओं का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने बिपार्ड परिसर में विकसित विभिन्न संरचनाओं एवं सुविधाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इनमें संवाद वाटिका, योगा परिसर, बिपार्ड लॉन, नक्षत्र वन, पुनर्योजित ब्रह्मयोनि सरोवर, हॉर्स राइडिंग ट्रैक, पुस्तकालय (विक्रमशिला), मोटर वाहन प्रशिक्षण केंद्र, अंतरिक्ष गैलरी, बिपार्ड दीर्घा एवं उत्कृष्टता केंद्र शामिल हैं।

उद्घाटन के पश्चात मुख्यमंत्री ने इन सभी केंद्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से सुविधाओं, उपयोगिता एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बिपार्ड परिसर के समग्र विकास की सराहना करते हुए इसे प्रशासनिक प्रशिक्षण और नवाचार का एक आदर्श केंद्र बताया।

विशिष्ट अतिथियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में विधायक मनोरमा देवी, विधायक ज्योति देवी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव  प्रत्यय अमृत, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव सह बिपार्ड महानिदेशक डॉ. बी. राजेंद्र, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना ए. एन., मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह, गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र सहित सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं अन्य वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बोधगया स्थित विश्वप्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।