बिहार विधानसभा चुनाव में आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में नवादा जिले के एक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय लखौरा, मेसकौर में पदस्थापित शिक्षक राजीव रंजन पर आरोप है कि वे रजौली विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी पिंकी भारती के लिए चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था।
इस मामले में मेसकौर प्रखंड के 20 सूत्री सदस्य पंकज कुमार ने रजौली विधानसभा के सामान्य प्रेक्षक को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी दीपक कुमार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को तथ्यात्मक जांच का निर्देश दिया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक राजीव रंजन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
यह कार्रवाई चुनाव अवधि में सरकारी कर्मचारियों पर लागू आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के तहत की गई है।













Leave a Reply