
गया। फतेहपुर थाना क्षेत्र के मेयारी गांव में पुलिस ने शुक्रवार को एक संयुक्त छापेमारी अभियान के दौरान अभियुक्त मुकेश कुमार सक्सेना उर्फ मुकेश यादव उर्फ मुकेश डॉन के घर से एक देसी कट्टा बरामद किया है। यह कार्रवाई फतेहपुर और वजीरगंज थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से की।
फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मुकेश वजीरगंज थाना में दर्ज एक मामले में संदिग्ध पाया गया था। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर उसके घर की तलाशी की आवश्यकता महसूस हुई।
इसके बाद फतेहपुर थाना पुलिस टीम, वजीरगंज के अपर थानाध्यक्ष नीरज कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मुकेश को लेकर मेयारी गांव पहुंचा गया। घर की घेराबंदी के बाद की गई तलाशी में बाथरूम के मचान पर छिपा हुआ देसी कट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने हथियार को जब्त कर मुकेश डॉन को फतेहपुर थाना लाकर आगे की कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष ने बताया कि घर में अवैध हथियार मिलने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में नया मामला दर्ज कर लिया गया है। गहन पूछताछ के बाद उसे गया जी जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और अवैध हथियार की सप्लाई चेन तथा अन्य संभावित कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।












Leave a Reply