गया पुलिस की सक्रिय कार्रवाई : बड़ी वारदात से पहले एक युवक देशी थ्री-नट हथियार के साथ गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गया के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध गया पुलिस द्वारा लगातार विशेष छापेमारी एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाराचट्टी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी थ्री-नट हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को थानाध्यक्ष बाराचट्टी को गुप्त सूचना मिली कि सोभ सब्जी मंडी के पास दो व्यक्ति अवैध हथियार के साथ बातचीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची, जहाँ पुलिस को देखकर दोनों व्यक्ति भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान सत्यम कुमार, पिता महेन्द्र यादव, निवासी मनबिगहा, थाना बाराचट्टी, जिला गया के रूप में की गई। पूछताछ के आधार पर उसकी निशानदेही पर उसके घर की रेलिंग के ऊपर ब्लू रंग के बोरे में छिपाकर रखा गया एक देशी थ्री-नट हथियार बरामद किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी अपराधी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। इस संबंध में बाराचट्टी थाना कांड संख्या – 383/25, दिनांक 27.10.2025 दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है और यह उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा। वहीं, इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।