बेलागंज पुलिस की बड़ी सफलता, आठ अपराधी हथियार एवं व मोबाइल के साथ गिरफ्तार

बेलागंज थाना क्षेत्र में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए आठ अपराधियों को हथियार और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने एक पिस्तौल, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

एसएसपी गया के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों और अपराध की योजना बनाने वाले तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 सितम्बर को बेलागंज थाना को सूचना मिली कि बेलागंज थाना क्षेत्र के चाँद बाजितपुर में कुछ संदिग्ध लोग अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद बेलागंज थाना पुलिस, तकनीकी शाखा एवं एसटीएफ ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर आठ व्यक्तियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुन्‍ना कुमार, सचिन कुमार, मो. सोहेल, राजा कुशवाहा, गौरव कुमार, कुमार सोनू, संतोष कुमार और विकास कुमार शामिल हैं। तलाशी के दौरान मुन्‍ना कुमार के पास से एक लोडेड पिस्तौल और मोबाइल फोन, सचिन कुमार से एक लोडेड देसी कट्टा, कारतूस और मोबाइल फोन, वहीं अन्य छह आरोपियों से एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे थे, लेकिन समय रहते पुलिस की तत्परता से योजना विफल हो गई। बेलागंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है और इनके आपराधिक नेटवर्क की छानबीन की जा रही है।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आमजन को राहत मिली है। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।