फतेहपुर थाना परिसर में मनाया गया एकता दिवस, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

सैकड़ों स्कूली बच्चों और स्थानीय नेताओं की रही मौजूदगी, सरदार पटेल के योगदान को किया याद


गया जिले के फतेहपुर थाना परिसर में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर फतेहपुर पुलिस के अधिकारियों, सैकड़ों स्कूली बच्चों, स्थानीय नेताओं एवं अन्य लोगों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को आपसी भाईचारे,सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा समाज में आपसी सौहार्द और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व और देश के एकीकरण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय एकता देश की मजबूती का आधार है। इसे बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता जरूरी है।

गौरतलब है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण में उनकी अहम भूमिका के कारण उन्हें भारत की एकता का प्रमुख शिल्पकार माना जाता है।

कार्यक्रम में फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार,अपर थानाध्यक्ष रामकृपाल यादव, एसआई संदीप कुमार, एसआई अंबुज कुमार, एसआई चंदन कुमार, एसआई श्रीकांत सिंह, एसआई अरविंद सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सैकड़ों स्कूली बच्चों और फतेहपुर नगर पंचायत के मेयर रवि साव, कृष्ण सिंह, नागेंद्र यादव एवं स्थानीय नेताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।