
:-बुनियादबीघा में फसल प्रदर्शन सह किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
:-वैज्ञानिक खेती और उन्नत बीज के चयन पर दिया गया जोर।
गया जिले के डोभी प्रखंड के बुनियादबीघा गांव में गुरुवार को वीएनआर सीड्स की ओर से फसल प्रदर्शन सह किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती और संतुलित उर्वरक प्रबंधन के जरिए बेहतर उत्पादन हासिल करने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर वीएनआर 2355 पावर धान की खेती से बेहतर उपज प्राप्त करने वाले प्रगतिशील किसान बृजदेव प्रसाद और धनश्री धान की खेती करने वाली मनोरमा देवी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वीएनआर सीड्स के टेरिटरी प्रबंधक शुभम राय ने कहा कि बेहतर उत्पादन के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज का चयन और वैज्ञानिक तरीके से खेती करना जरूरी है। उन्होंने वीएनआर 2355 पावर संकर धान की विशेषताओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह कम अवधि में बेहतर उत्पादन देने वाली किस्म है। इसमें रोगों और कीटों के प्रति सहनशीलता की क्षमता भी बताई गई। उन्होंने किसानों को धान की खेती, उत्पादन क्षमता और फसल प्रबंधन से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी।
किसान बृजदेव प्रसाद ने अपने खेत में वीएनआर 2355 पावर धान की वैज्ञानिक तरीके से खेती कर करीब 25 क्विंटल उपज प्राप्त करने की बात कही। वहीं, मनोरमा देवी ने वीएनआर की धनश्री धान की खेती से बेहतर उत्पादन मिलने की जानकारी दी। किसानों की इन उपलब्धियों को देखते हुए दोनों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कंपनी के क्षेत्रीय प्रतिनिधि जसविंद्र और शुभम कुमार ने किसानों को सरसों, तोरी और गेहूं की उन्नत किस्मों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों से फसल और मिट्टी की जरूरत के अनुसार बीज का चयन करने तथा संतुलित उर्वरक का इस्तेमाल करने की अपील की।
इस दौरान आसपास के बीज विक्रेताओं को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया। मौके पर किसान रामलखन, कुलदीप यादव, बेचन मेहता, कमता प्रसाद सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना और बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना था।













Leave a Reply