
संवाददाता, बोधगया। आईआईएम बोधगया में विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी क्षमताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तीन से पांच अक्टूबर तक आयोजित कार्यक्रम का आयोजन टाइगर एनालिटिक्स के सहयोग से किया गया। इस दौरान आईआईएम बोधगया और टाइगर एनालिटिक्स के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर हुए।
कार्यक्रम में करीब 100 विद्यार्थियों और 20 संकाय सदस्यों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एआई की विभिन्न तकनीकों, उनके व्यावहारिक उपयोग और उभरते अवसरों की जानकारी दी गई। टाइगर एनालिटिक्स के चार विशेषज्ञों की टीम ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन आईआईएम बोधगया की निदेशक डॉ. विनिता सिंह सहाय ने किया। उन्होंने प्रबंधन शिक्षा में एआई के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप आवश्यक कौशल और ज्ञान से लैस करना समय की मांग है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन आईआईएम बोधगया के आईटी क्षेत्र के सहायक प्रोफेसर डॉ. समंत सौरभ ने किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एआई के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देने के साथ ही इसके व्यावहारिक इस्तेमाल को समझने और सीखने का अवसर मिला।
एमओयू के माध्यम से आईआईएम बोधगया और टाइगर एनालिटिक्स के बीच सहयोग को और मजबूती मिलेगी। इसके तहत विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों के लिए भविष्य में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संस्थान के अनुसार, यह साझेदारी उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ एआई के क्षेत्र में ज्ञान, कौशल और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












Leave a Reply