
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को खिजरसराय प्रखंड क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ मनाया गया। इस दौरान भारत माता की जय के नारों और देशभक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

नीमचक बथानी अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ केशव आनंद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं डीएसपी कार्यालय में डीएसपी सुरेंद्र सिंह, खिजरसराय प्रखंड कार्यालय में प्रमुख उर्मिला देवी तथा नवगठित नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद रिंकू देवी ने तिरंगा फहराया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दिलाया।

खिजरसराय थाना परिसर में प्रभारी थानाध्यक्ष गिरधर उपाध्याय ने झंडोत्तोलन किया। वहीं प्रखंड बीवी राम जी कार्यालय में कार्यक्रम पदाधिकारी दीपेश ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। विभिन्न सरकारी कार्यालयों में आयोजित समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना हम सभी का कर्तव्य है।

शिक्षण एवं स्वास्थ्य संस्थानों में भी दिखा उत्साह।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. मीना राय ने झंडोत्तोलन किया। आदर्श मध्य विद्यालय में ओम प्रकाश, यशवंत उच्च विद्यालय में प्रभारी लता सिन्हा, संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में निदेशक जिजेश पी, प्रतिभा बाल विद्या मंदिर में राकेश कुमार ओझा तथा जज्बा संस्थान में निदेशक संतोष कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

झंडोत्तोलन के बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया। कई स्थानों पर बच्चों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाईं। विद्यालयों में बच्चों के बीच देशभक्ति की भावना देखने को मिली।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां।
नीमचक बथानी अनुमंडल कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में संत थॉमस इंग्लिश स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम और स्वतंत्रता संग्राम की गाथा को जीवंत किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अधिकारियों एवं लोगों की खूब वाहवाही बटोरी।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। देश की प्रगति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सभी लोगों से राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का आह्वान किया गया।
पूरे खिजरसराय प्रखंड में स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। तिरंगे की शान, देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से वातावरण में राष्ट्रीय भावना की झलक दिखाई दी। लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।














Leave a Reply