फतेहपुर–वजीरगंज मार्ग पर पिकअप और बाइक की टक्कर, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत।

फतेहपुर–वजीरगंज सड़क मार्ग पर बदउआ गांव के समीप शुक्रवार को पिकअप वाहन और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी उदय सिंह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।