किलकारी गया में अग्निशमन मॉकड्रिल प्रशिक्षण आयोजित, बच्चों को सिखाए गए अग्नि सुरक्षा के गुर।

गया। किलकारी बिहार बाल भवन, गेवाल बिगहा, गया में रविवार को अग्निशमन विभाग के सहयोग से अग्निशमन मॉकड्रिल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों, प्रशिक्षकों एवं कर्मियों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बचाव, प्राथमिक उपचार तथा आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना था।

प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने आग लगने के विभिन्न कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही एवं प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। मॉकड्रिल के माध्यम से प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी, त्वरित प्रतिक्रिया तथा राहत एवं बचाव कार्यों का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि संकट की घड़ी में घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता के साथ कार्य करना चाहिए।

किलकारी बिहार बाल भवन के प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि आगजनी जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। सही समय पर सही निर्णय लेकर बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। वहीं, किलकारी की प्रमंडल संसाधन सेवी सोनम कुमारी ने कहा कि इस प्रकार की मॉकड्रिल लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपदा के समय त्वरित एवं सही निर्णय लेने में सहायक होती है। बच्चों को व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना संस्था की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग की ओर से सब-ऑफिसर जयप्रकाश सिंह, प्रधान अग्निक धर्मेन्द्र पासवान, अग्नि चालक शिव शंकर कुमार, ऑफिसर अमरनाथ कुमार, अग्नि चालक राजेश रंजन एवं शिवेश कुमार, अग्निकर्मी नीलम कुमारी तथा राजू सिंह सहित किलकारी के सभी कर्मी, प्रमंडल संसाधन सेवी, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी एवं सहायक लेखा पदाधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन “सजग रहें, सुरक्षित रहें, जीवन बचाएं” के संदेश के साथ किया गया।