नाबालिग अपहरण पीड़िता को मेडिकल जांच से रोकने के आरोप में अपर थानाध्यक्ष निलंबित।

पूर्णिया: नाबालिग अपहरण पीड़िता के मामले में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में धमदाहा थाना की अपर थानाध्यक्ष पुष्पा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पूर्णिया की पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, अपहरण के बाद बरामद की गई नाबालिग लड़की की मेडिकल जांच कराई जानी थी। आरोप है कि अपर थानाध्यक्ष ने मेडिकल जांच के दौरान होने वाली कथित परेशानियों का हवाला देकर लड़की को जांच नहीं कराने के लिए प्रभावित किया। इसके बाद नाबालिग ने मेडिकल जांच कराने से इनकार कर दिया।
मामले को लेकर पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। शिकायत में जांच में लापरवाही और आरोपी को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने पूरे मामले की जांच कराई।
जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर एसपी स्वीटी सहरावत ने अपर थानाध्यक्ष पुष्पा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नाबालिग अपहरण के मामलों में मेडिकल जांच बेहद महत्वपूर्ण होती है। इससे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक और कानूनी साक्ष्य जुटाए जाते हैं, जो मामले को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। मेडिकल जांच नहीं होने से केस कमजोर पड़ सकता है और भविष्य में आरोपी को इसका फायदा मिल सकता है।
पुलिस विभाग ने इस मामले को कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।