मध्य विद्यालय खिजरसराय में छात्र-शिक्षकों के लिए विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित।

खिजरसराय। जज़्बा टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के छात्र-शिक्षकों एवं छात्र-शिक्षिकाओं के लिए मध्य विद्यालय खिजरसराय में मंगलवार, 27 मई 2026 को विदाई सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 45 दिवसीय लेसन प्लान प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत आयोजित किया गया, जिसमें प्रशिक्षुओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं योगदान की सराहना की गई।
समारोह में कॉलेज के शिक्षक नवीन सर, विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुमार ओम प्रकाश, वरीय शिक्षक नागेंद्र कुमार, रणधीर कुमार, जितेंद्र कुमार एवं गायत्री कुमारी सहित विद्यालय परिवार के कई शिक्षक एवं छात्र-शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन एवं प्रशिक्षण अवधि के अनुभव साझा करने के साथ हुई।
इस अवसर पर लेसन प्लान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए A+ ग्रेड प्राप्त करने वाले छात्र-शिक्षकों एवं छात्र-शिक्षिकाओं को प्रधानाध्यापक कुमार ओम प्रकाश एवं वरीय शिक्षक नागेंद्र कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने प्रशिक्षुओं के अनुशासन, समर्पण एवं शिक्षण कौशल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में शिक्षकों ने कहा कि प्रशिक्षण केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य के बेहतर शिक्षक निर्माण की महत्वपूर्ण नींव है। वहीं छात्र-शिक्षकों ने विद्यालय परिवार से मिले सहयोग, मार्गदर्शन एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।
पूरे समारोह का वातावरण उत्साह, सम्मान एवं भावनात्मक विदाई से सराबोर रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षुओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई।