जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: खिजरसराय में महिला की पीट-पीटकर हत्या, 8 नामजद।

खिजरसराय थाना क्षेत्र के वनारसी बिगहा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान भोला यादव की 65 वर्षीय पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है।
घटना बुधवार सुबह करीब 6 बजे की है, जब पार्वती देवी अपने घर के सामने स्थित सरकारी चापाकल पर पानी लेने गई थीं। उसी दौरान गांव के राजेंद्र यादव और उनके परिवार के सदस्यों ने कथित रूप से उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
परिजन उन्हें गंभीर हालत में खिजरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के पुत्र भवन कुमार ने बताया कि उनके चाचा राजेंद्र यादव के साथ करीब 20 वर्ष पहले जमीन का बंटवारा हो चुका था और सभी लोग अपनी-अपनी जमीन पर शांतिपूर्वक काबिज थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह माह से उनके चाचा दो-तीन प्लॉट की जमीन के पुराने मेढ़ को तोड़कर मनमाने तरीके से अधिक जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इसका विरोध करने पर अंचल कार्यालय और थाना में शिकायत भी की गई थी, लेकिन नोटिस के बावजूद आरोपी जनता दरबार में उपस्थित नहीं हुआ।
भवन कुमार ने बताया कि घर में वह, उनकी मां और एक बहन रहते हैं, जिसका फायदा उठाकर आरोपी पक्ष लगातार विवाद बढ़ा रहा था। बुधवार सुबह भी पानी लेने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया और अंततः पार्वती देवी की मौत हो गई।
बताया जाता है कि छह भाइयों के बीच कुल पांच बीघा जमीन का बंटवारा 20 वर्ष पूर्व हो चुका था, लेकिन कम जमीन मिलने का आरोप लगाकर राजेंद्र यादव पिछले छह माह से बंटवारे को मानने से इनकार कर रहे थे और कई प्लॉट पर दावा जता रहे थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार महतो दल-बल के साथ खिजरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में परिजनों ने कुल आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।