
गया जिले के गुरपा थाना क्षेत्र के कुंभीतरी के पास शनिवार दोपहर एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। इस घटना में बस में सवार सभी स्कूली बच्चे सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फतेहपुर स्थित एक निजी स्कूल की यह बस प्रतिदिन रघवाचक, भवारी, बड़गांव, कुंभतरी, नौडिहा झुरांग जैसे गांवों से स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने का काम करती है। शनिवार को भी स्कूल की छुट्टी होने के बाद बस बच्चों को उनके गंतव्य तक पहुंचा रही थी।
कुंभीतरी के पास बस तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा घुसी। घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस में सवार सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार बस चालक को तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने से मना किया था, लेकिन वह हर बार उनकी बात अनसुनी कर देता था। ग्रामीणों का कहना है कि गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में रोष देखा जा रहा है।
इस संबंध में गुरपा थाना प्रभारी शिवनन्दन कुमार ने बताया कि उन्हें अभी तक घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।












Leave a Reply