गुरपा में पुलिस टीम से आरोपित को छुड़ाने के मामले में तीन नामजद समेत सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज



गया जी। गुरपा थाना क्षेत्र के दुदु मंदिर के समीप पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की कर हिरासत से आरोपित को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

पुलिस के लिखित आवेदन के अनुसार, 24 नवंबर की सुबह दुदुन मंदिर के पास एक लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को फतेहपुर थाना कांड संख्या 688/26 के आरोपित नितेश कुमार उर्फ बंगाली की पहचान हुई। पुलिस उसे अपने साथ ले जा रही थी, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने पुलिस वाहन को रोककर आरोपित को जबरन छुड़ा लिया।

इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिसमें सिपाही राजन कुमार और गोल्डन कुमार घायल हो गए। मामले में देवेंद्र यादव, विपिन कुमार और नितेश कुमार उर्फ बंगाली सहित चार अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है।गुरपा थाना कांड संख्या 181/26 दर्ज कर एसआई विनय कुमार सिंह को मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।