नाबालिग बेटी के अपहरण मामले से जुड़ा महिला दारोगा का कथित रिश्वत वीडियो वायरल,जांच के घेरे में पुलिस की कार्यशैली

वैशाली। वैशाली जिले के कटहरा थाना में तैनात एक महिला सब इंस्पेक्टर का कथित तौर पर पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। मामला एक नाबालिग लड़की के अपहरण से जुड़े केस से संबंधित बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली और मामले की जांच को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

वायरल वीडियो में कटहरा थाना में पदस्थापित एसआई नेहा सिन्हा एक व्यक्ति से कथित तौर पर पैसे लेते हुए दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कटहरा थाना परिसर के समीप स्थित चौकीदार शेड का है और लगभग दो महीने पुराना है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, कटहरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर तेलौर गांव निवासी बच्चे राय ने 17 जुलाई 2026 को अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में थाना कांड संख्या 9/26 दर्ज किया गया था। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई नेहा सिन्हा को सौंपी गई थी।

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति बच्ची का पिता बच्चे राय है और वह अपनी बेटी की बरामदगी के सिलसिले में थाना पहुंचा था। हालांकि, वीडियो में कथित तौर पर हो रहे पैसों के लेन-देन का वास्तविक कारण क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस संबंध में लगाए जा रहे आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए महुआ एसडीपीओ पोल्सत कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो प्राप्त हुआ है। इसकी जांच की जा रही है कि वीडियो कब और कहां का है तथा इसमें दिखाई दे रहे लोग कौन हैं। जांच में यदि कोई पुलिस पदाधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि वायरल वीडियो की वास्तविकता क्या है और कथित लेन-देन के पीछे की वजह क्या थी।